कांग्रेस ने सोशल मीडिया के खिलाफ सरकार की ‘कार्रवाई’ की कड़ी आलोचना की
कांग्रेस ने सोशल मीडिया के खिलाफ सरकार की 'कार्रवाई' की कड़ी आलोचना की
नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने ‘एक्स, यूट्यूब और इंस्टाग्राम’ सहित सोशल मीडिया के खिलाफ भाजपा नीत केंद्र सरकार की ‘‘कार्रवाई’’ की बृहस्पतिवार को कड़ी आलोचना की और कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कमजोर करना लोकतंत्र के लिए एक खतरा है।
कांग्रेस प्रवक्ता और पार्टी के सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म शाखा की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने यहां संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि आधिकारिक निर्देशों के तहत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई खातों को या तो ब्लॉक कर दिया गया है या प्रतिबंधित किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार डिजिटल अभिव्यक्ति पर अंकुश लगाकर असहमति की आवाज को दबाने और जवाबदेही से बचने की कोशिश कर रही है।
श्रीनेत ने दावा किया कि सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने या सार्वजनिक मुद्दों को उजागर करने वाले कई यूट्यूब और इंस्टाग्राम खातों को या तो ब्लॉक कर दिया गया, निलंबित कर दिया गया या बिना उचित स्पष्टीकरण के उनकी सामग्री हटा दी गई।
उन्होंने दावा किया कि यूट्यूब चैनलों और पत्रिकाओं से संबंधित पोस्ट सहित स्वतंत्र ‘कंटेंट क्रिएटर’ और विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म को भी कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। उन्होंने नोएडा में एलपीजी सिलेंडर की कमी पर खबर प्रसारित करने वाले एक यूट्यूबर को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का उदाहरण देते हुए यह बात कही।
इसे ‘‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर गंभीर हमला’’ बताते हुए, कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें प्रतिबंधों के संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से व्यक्तिगत रूप से कई नोटिस प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने सरकार पर मुख्यधारा की मीडिया को प्रभावित करने के बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नियंत्रण बढ़ाने का प्रयास करने का आरोप लगाया और इसे देश में पहले सामग्री हटाने और फिर खातों को ब्लॉक करने की ‘‘नयी प्रवृत्ति’’ बताया।
मोदी पर निशाना साधते हुए, श्रीनेत ने कहा कि सरकार ‘‘आलोचना सहन नहीं कर रही’’ है, और उस पर विपक्ष की आवाज और सार्वजनिक सवालों को प्रतिबंधित करके लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।
भाषा सुभाष माधव
माधव

Facebook


