‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के पहले चरण के समापन पर ध्वजारोहण कार्यक्रम करेगी कांग्रेस

Ads

‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के पहले चरण के समापन पर ध्वजारोहण कार्यक्रम करेगी कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - November 6, 2025 / 06:13 PM IST,
    Updated On - November 6, 2025 / 06:13 PM IST

नयी दिल्ली, छह नवंबर (भाषा) कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ अपने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के पहले चरण के समापन के अवसर पर आगामी नवंबर को सभी प्रदेश मुख्यालयों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करेगी।

पार्टी के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि अब तक कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग के साथ मिलीभगत करके भाजपा द्वारा की गई ‘वोट चोरी’ के खिलाफ पांच करोड़ से ज़्यादा हस्ताक्षर एकत्र किए हैं।

वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा कि ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करने वाले लोगों के हस्ताक्षर बाद में भारत के राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे।

उन्होंने कहा कि बुधवार को पार्टी महासचिवों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अभियान का पहला चरण शनिवार (8 नवंबर) को सभी राज्य मुख्यालयों पर ध्वजारोहण कार्यक्रमों के साथ समाप्त होगा।

उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ नेता और पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे।

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘अब तक देश भर में पांच करोड़ से ज़्यादा हस्ताक्षर एकत्र किए जा चुके हैं, जो मतदाता सूची में फ़र्ज़ी मतदाता प्रविष्टियां और फ़र्ज़ी पते जैसी हेराफेरी के ज़रिए लोकतंत्र की सरेआम हत्या को लेकर आम नागरिकों के आक्रोश, आशंका और गहरी चिंता का एक सशक्त प्रमाण है।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार मतदाता सूची में कथित हेराफेरी और चुनावी ‘‘धोखाधड़ी’’ के बारे में गंभीर चिंताएं उठाती रही है, जिससे भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पवित्रता को ठेस पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान केवल एक राजनीतिक आंदोलन नहीं है, बल्कि यह एक नागरिक आंदोलन भी है जो जवाबदेही, पारदर्शिता और मतदाताओं में विश्वास की बहाली पर जोर देता है।

भाषा हक हक पवनेश

पवनेश