केरल के मुख्यमंत्री पर आलाकमान का फैसला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मंजूर होगा: चेन्निथला

केरल के मुख्यमंत्री पर आलाकमान का फैसला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मंजूर होगा: चेन्निथला

केरल के मुख्यमंत्री पर आलाकमान का फैसला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मंजूर होगा: चेन्निथला
Modified Date: May 11, 2026 / 11:14 am IST
Published Date: May 11, 2026 11:14 am IST

तिरुवनंतपुरम, 11 मई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने सोमवार को कहा कि केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी आलाकमान जो भी निर्णय लेगा, उसे राज्य के कांग्रेस और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के सभी कार्यकर्ता स्वीकार करेंगे।

नयी दिल्ली से लौटने के बाद चेन्निथला ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘हमें आलाकमान से जो कुछ भी कहना था, हमने कह दिया है। उन्होंने हमारी पूरी बात सुनी है। अब आगे का फैसला उन्हें ही करना है।’

उन्होंने कहा कि निर्णय लेने में हो रही देरी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

चेन्निथला इस बात पर जोर दिया कि मुख्यमंत्री पद के संबंध में पार्टी आलाकमान का हर फैसला राज्य के सभी कांग्रेस और यूडीएफ कार्यकर्ताओं को मान्य होगा। उन्हें राज्य में मुख्यमंत्री पद के तीन प्रमुख दावेदारों में से एक मानाजा रहा है।

इससे पहले रविवार को, मुख्यमंत्री के चयन को लेकर जारी विचार-विमर्श के बीच उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा था कि कांग्रेस ऐसी पार्टी नहीं है जो नागपुर (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ मुख्यालय) के निर्देशों पर चलती हो।

शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने नयी दिल्ली में केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, चेन्निथला, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख सनी जोसेफ और केरल की एआईसीसी प्रभारी महासचिव दीपा दासमुंशी के साथ चर्चा की थी। यह बैठक कांग्रेस विधायक दल के नेता के चयन को लेकर आयोजित की गई थी, जो केरल के अगले मुख्यमंत्री भी होंगे।

बाद में, केरल के नेताओं और दासमुंशी ने संयुक्त रूप से पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे नेतृत्व के मुद्दे पर किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन या पोस्टर अभियान से दूर रहें।

भाषा सुमित शोभना

शोभना


लेखक के बारे में