प्राथमिक कोविड केंद्र से मरीज को बाइक से अस्पताल ले जाने को लेकर विवाद छिड़ा

Ads

प्राथमिक कोविड केंद्र से मरीज को बाइक से अस्पताल ले जाने को लेकर विवाद छिड़ा

  •  
  • Publish Date - May 7, 2021 / 12:37 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:05 PM IST

अलप्पुझा (केरल), सात मई (भाषा) केरल में एक कोविड​​-19 मरीज को शुक्रवार को दो स्वयंसेवकों द्वारा दुपहिए वाहन पर प्राथमिक कोविड ​​देखभाल केंद्र से एक अस्पताल में स्थानांतरित किये जाने को लेकर विवाद छिड़ गया, जो निकटवर्ती पुन्नाप्रा गांव में एक प्राथमिक कोविड ​​देखभाल केंद्र में पृथकवास के दौरान गंभीर रूप से बीमार हो गया था ।

समाचार चैनलों द्वारा पीपीई किट पहने दो स्वयंसेवकों द्वारा मोटरसाइकिल पर ले जाए जा रहे रोगी के दृश्य प्रसारित किए जाने के बाद अलप्पुझा में स्वास्थ्य अधिकारियों ने एक जांच शुरू की है।

अस्पताल के अन्य रोगियों ने आरोप लगाया कि एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण स्वयंसेवकों को उन्हें मोटरसाइकिल पर अस्पताल ले जाना पड़ा।

कोविड फर्स्ट लाइन ट्रीटमेंट सेंटर में पृथक किए गए एक कोविड-19 मरीज ने एक समाचार चैनल को बताया, ”स्वयंसेवकों के पास कोई और रास्ता नहीं बचा था। मरीज को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत यह कदम उठाया।’

सूत्रों ने बताया कि मरीज को एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, बाद में उसे ऑक्सीजन लगाए जाने के बाद जनरल अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

अलप्पुझा जिले के अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को सूचित किए बिना कोविड रोगी को मोटरसाइकिल पर ले जाया गया।

सूत्रों ने बताया कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अलप्पुझा के जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सा अधिकारी (डीएमओ) से रिपोर्ट मांगी है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा कृष्ण उमा

उमा