भुवनेश्वर, 28 जून (भाषा) ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर.एस. गोपालन ने रविवार को कहा कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के पहले चरण में बूथ स्तरीय अधिकारियों ने 99 प्रतिशत से ज़्यादा मतदाताओं को गणना पत्र बांटे हैं।
ओडिशा में मतदाताओं की जानकारी के सत्यापन के लिए 45,000 से ज़्यादा बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) की मदद से एक माह का अभियान 29 मई को शुरू हुआ था।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि रविवार को पूरी हुई गणना के चरण के दौरान, बीएलओ ने घर-घर जाकर सभी मौजूदा मतदाताओं को गणना प्रपत्र दिए, जिन्हें वे बीएलओ के माध्यम से या ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘पहले चरण में, 2025 की मतदाता सूची के आधार पर 99 प्रतिशत से ज़्यादा मतदाताओं को गणना प्रपत्र बांटे गए और उनमें से 93 प्रतिशत ने अपने गणना प्रपत्र जमा कर दिए हैं।’’
मतदाता सूची का मसौदा पांच जुलाई को जारी किया जाएगा, जबकि आपत्तियां और मांगें चार अगस्त तक की जा सकती हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आपत्तियों के निपटारे के बाद, अंतिम सूची छह सितंबर को जारी की जाएगी।
भाषा
राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल