पंजाब में पिछली सरकारों की तुलना में मान सरकार ने ‘सनातन धर्म’ के लिए ज्यादा काम किया: केजरीवाल

Ads

पंजाब में पिछली सरकारों की तुलना में मान सरकार ने ‘सनातन धर्म’ के लिए ज्यादा काम किया: केजरीवाल

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 12:55 AM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 12:55 AM IST

गुरदासपुर, 28 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार शाम कहा कि भगवंत मान सरकार ने पंजाब में सनातन धर्म के लिए पहले की सरकारों की तुलना में अधिक काम किया है।

पंजाब सरकार की ओर से आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पूरे राज्य में पहली बार बड़े पैमाने पर सनातन धर्म को समर्पित भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘इन दिनों बहुत से लोग मुझसे कह रहे हैं कि पंजाब में किसी भी राजनीतिक दल या सरकार ने सनातन धर्म के लिए इतना काम नहीं किया। सभी का कहना है कि पंजाब में सनातन धर्म को एक बड़ा मंच मिला है।’’

केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले जालंधर में और शनिवार को अमृतसर में इसी तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था तथा अब ऐसे कार्यक्रम पंजाब के सभी 22 शहरों में आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पटियाला के प्रसिद्ध काली माता मंदिर के पुनर्विकास पर 80 करोड़ रुपये खर्च कर रही है और यह कार्य सितंबर तक पूरा हो जाएगा।

केजरीवाल ने लोगों से अक्टूबर के बाद मंदिर में माता के दर्शन करने की अपील भी की।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल