वेनेजुएला पहुंची भारत की मानवीय सहायता: जयशंकर

Ads

वेनेजुएला पहुंची भारत की मानवीय सहायता: जयशंकर

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 12:41 AM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 12:41 AM IST

नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को कहा कि ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत भूकंप प्रभावित वेनेजुएला भेजी गई राहत सामग्री, चिकित्सा उपकरण और एक फील्ड अस्पताल इकाई वहां पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि यह मानवीय सहायता वहां जारी राहत कार्यों को और मजबूत करेगी।

जयशंकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वेनेजुएला तक भारत की मदद पहुँची।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘मुझे भरोसा है कि फील्ड हॉस्पिटल यूनिट, राहत सामग्री, दवाएं और मेडिकल उपकरण देश में भूकंप के बाद जारी राहत कार्यों को और मज़बूत करेंगे।’’

जयशंकर ने इसके साथ ही खेप की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।

भारतीय वायुसेना ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के बारे में जानकारी साझा की।

इसने कहा, ‘‘तेज़ी, पहुँच और संवेदना के साथ कार्रवाई करते हुए, भारतीय वायुसेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमानों ने वेनेज़ुएला के लिए 23 घंटे की मुश्किल उड़ान पूरी की और दिल्ली से काराकस तक 14,000 किलोमीटर से ज़्यादा की हवाई दूरी तय की।’’

वायुसेना ने कहा कि 66 टन मानवीय सहायता लेकर विमान काराकस के माइक्वेटिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। इसने कहा कि इस सहायता में भारतीय सेना का फील्ड हॉस्पिटल, 35 टन से ज़्यादा राहत सामग्री, दवाएं, चिकित्सा उपकरण और दो ‘भीष्म क्यूब’ शामिल हैं।

इसने कहा कि यह ‘‘ज़रूरत पड़ने पर अलग-अलग महाद्वीपों तक उम्मीद पहुंचाने की भारत की क्षमता को दिखाता है।’’

भूकंप से प्रभावित वेनेजुएला को मानवीय सहायता देने के लिए भारत ने ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू किया है। इसके तहत, राहत सामग्री और 41 सदस्यों वाली बचाव टीम को लेकर वायुसेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमान शुक्रवार को वहां जारी राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए रवाना हुए।

भाषा नेत्रपाल

नेत्रपाल