ब्रह्मपुर, 16 जुलाई (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रहे एक दंपति को कार ने टक्कर मार दी और इसके कुछ क्षण बाद ही ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
इस घटना में दोनों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह हादसा गोलंथरा थाना क्षेत्र के रंधा में हुआ।
पुलिस ने बताया कि हरीश चंद्र दास और उनकी पत्नी परी दवाइयां खरीदने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके कुछ ही क्षण बाद एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
ब्रह्मपुर सदर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सुभ्रांशु शेखर परिदा ने बताया, ‘कार और ट्रक को जब्त कर लिया गया है तथा दोनों वाहन चालकों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।’
हादसे के बाद नाराज स्थानीय लोगों ने टायर जलाए और राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। उन्होंने पुलिस को शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया तथा पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की।
जाम के कारण ओडिशा और आंध्र प्रदेश को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
कनिसी के तहसीलदार कबिराज प्रधान मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।
तहसीलदार ने बताया कि जिलाधिकारी कीर्ति वासन वी के निर्देश पर जिला रेड क्रॉस कोष से दोनों मृतकों के परिजनों को 30-30 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी गई है।
राजमार्ग पर जाम हटने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश