कोविड-19: दिल्ली में स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे

Ads

कोविड-19: दिल्ली में स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे

  •  
  • Publish Date - October 28, 2020 / 11:04 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:44 PM IST

नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को कहा कि कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे।

सिसोदिया ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मलेन में कहा कि अभिभावक भी स्कूलों को अभी खोलने के पक्ष में नहीं हैं।

दिल्ली सरकार ने पहले घोषणा की थी कि स्कूल 31 अक्टूबर तक बंद रहेंगे।

सिसोदिया ने कहा, ‘‘हम लगातार अभिभावकों की राय ले रहे हैं और वे इस बात को लेकर चिंतित हैं कि स्कूलों को अभी खोलना सुरक्षित होगा या नहीं। यह सुरक्षित नहीं है। जहां भी स्कूल खोले गए हैं, वहां बच्चों में कोविड-19 के मामले बढ़े ही हैं। इसलिए हमने राष्ट्रीय राजधानी में अभी स्कूलों को नहीं खोलने का फैसला किया है। वे अगले आदेश तक बंद रहेंगे।’’

दिल्ली में मंगलवार को कोविड-19 के 4,853 नये मामले सामने आये , जो यहां अब तक एक दिन में सामने आये सबसे अधिक मामले हैं। इससे दिल्ली में कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 3.64 लाख से अधिक हो गए।

इससे पहले 16 सितम्बर को दिल्ली में एक दिन में कोविड-19 के 4,473 मामले आये थे।

देश में कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जारी किए गए दिशा-निर्देशों के बाद से देशभर में 16 मार्च से विश्वविद्यालय और स्कूल बंद हैं।

देशभर में 25 मार्च को लॉकडाउन लगाया गया था।

देश में अलग-अलग ‘अनलॉक’ चरणों में कई प्रतिबंधों में ढील दी गई, लेकिन शिक्षण संस्थान बंद रहे। ‘अनलॉक-5’ के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य स्कूलों को दोबारा खोलने के संबंध में निर्णय ले सकते हैं। ‘अनलॉक 5’ के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से फिर से खोलने का निर्णय ले सकते हैं। हरियाणा, पंजाब, उत्तरप्रदेश और सिक्किम समेत कुछ राज्यों ने स्कूलों को दोबारा खोलने की प्रक्रिया शुरू भी कर दी है।

उत्तरप्रदेश के नोएडा के स्कूलों में छात्रों की कम ही उपस्थिति दर्ज की जा रही है क्योंकि अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से अभी घबरा रहे हैं।

इससे पहले, स्कूलों को नौंवी से 12वीं तक के छात्रों को 21 सितम्बर से स्वैच्छिक आधार पर स्कूल बुलाने की अनुमति दी गई थी। हालांकि दिल्ली सरकार ने इसके खिलाफ निर्णय किया।

शिक्षा मंत्रालय ने स्कूलों को फिर से खोलने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये थे जिसमें परिसरों की अच्छी तरह से सफाई करना और उसे किटाणुरहित करना शामिल था।

स्कूलों को सलाह दी गई है कि वे कार्य दलों का गठन करें जैसे आपातकालीन देखभाल एवं प्रतिक्रिया टीम, सभी हितधारकों के लिए सामान्य सहयोग दल, स्वच्छता निरीक्षण दल आदि।

महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि वह दिवाली के बाद कोविड-19 की स्थिति का आकलन करेगी और तब तक स्कूल बंद ही रहेंगे।

गुजरात सरकार ने भी कहा है कि वह दिवाली के बाद ही स्कूलों को फिर से खोलने पर विचार करेगी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि मध्य नवंबर के बाद स्कूलों को खोलने के बारे में फैसला किया जाएगा।

कर्नाटक सरकार ने कहा है कि वह स्कूलों को फिर से खोलने की जल्दबाजी में नहीं है और सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद इस पर फैसला करेगी। मेघालय सरकार ने राज्य में स्कूलों को खोले जाने के संबंध में अंतिम निर्णय के लिए अभिभावकों की राय मांगी है।

मिजोरम सरकार ने कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के कारण दसवीं और 12 वीं कक्षा के छात्रों के लिए खोले गए सभी स्कूलों को बंद करने का फैसला किया है।

भाषा आशीष नरेश

नरेश