यूएई की तरफ से और दस्तावेज मांगे गए हैं : विदेश मंत्रालय ने शत्ताफ के प्रत्यर्पण पर कहा

Ads

यूएई की तरफ से और दस्तावेज मांगे गए हैं : विदेश मंत्रालय ने शत्ताफ के प्रत्यर्पण पर कहा

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 09:23 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 09:23 PM IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) भारत ने मंगलवार को कहा कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने भगोड़े हुसैन मोहम्मद शत्ताफ के प्रत्यर्पण की मांग के सिलसिले में ‘‘कुछ और दस्तावेज’’ मांगे हैं और नयी दिल्ली इस मामले पर काम कर रही है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह प्रत्यर्पण अनुरोध यूएई को भेजा गया था।

शत्ताफ 2006 में महाराष्ट्र के लोनावला में मर्चेंट नेवी के सेवानिवृत्त कैप्टन मनमोहन सिंह विर्दी की हत्या से जुड़े मामले में वांछित है।

दिसंबर 2025 में अधिकारियों ने कहा था कि विदेश मंत्रालय ने संयुक्त अरब अमीरात से शत्ताफ उर्फ ​​हुसैन महबूब खोखावाला के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मंगलवार को नियमित प्रेस वार्ता के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से शत्ताफ के प्रत्यर्पण के अनुरोध और अभी यूएई के पास लंबित प्रत्यर्पण अनुरोधों की संख्या के बारे में पूछा गया।

जायसवाल ने कहा, ‘‘सबसे पहले, आपके द्वारा बताए गए प्रत्यर्पण मामले से जुड़े सवाल पर आते हैं। वह खास प्रत्यर्पण अनुरोध यूएई को भेजा गया था। उन्होंने इस संबंध में कुछ और दस्तावेज मांगे हैं और हम इस मामले पर काम कर रहे हैं। जहां तक ​​उनके या हमारे पास लंबित प्रत्यर्पण अनुरोधों की संख्या का सवाल है, तो मैं इस मुद्दे पर आपको बाद में जानकारी दे पाऊंगा।’’

वहीं, एक अन्य सवाल के जवाब में जायसवाल ने कहा कि भारत और अमेरिका एक अंतरिम व्यापार समझौते की दिशा में काम कर रहे हैं और कुछ मुद्दों पर अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है।

जायसवाल ने कहा कि प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर दोनों पक्षों ने ‘‘काफी काम’’ किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने इस दिशा में काफी काम किया है। कुछ ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है। दोनों देश अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं।’’

भाषा शफीक पारुल

पारुल