अमृत ​​उद्यान आम लोगों के लिए 16 अगस्त से 15 सितंबर तक खोला जाएगा: राष्ट्रपति भवन

Ads

अमृत ​​उद्यान आम लोगों के लिए 16 अगस्त से 15 सितंबर तक खोला जाएगा: राष्ट्रपति भवन

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 09:15 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 09:15 PM IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) राष्ट्रपति भवन परिसर स्थित अमृत उद्यान 16 अगस्त से 15 सितंबर तक आम लोगों के लिए खोला जाएगा। राष्ट्रपति भवन ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, इस अवधि के दौरान अमृत उद्यान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक खुला रहेगा। शाम पांच बजे तक उद्यान मे प्रवेश करने की अनुमति होगी। रखरखाव के कारण प्रत्येक सोमवार को उद्यान बंद रहेगा।

बयान में कहा गया है कि विशेष रूप से तैयार की गई मानसून पुष्प प्रदर्शनी ‘समर एनुअल्स ऑफ अमृत उद्यान’ भी 16 अगस्त से 15 सितंबर तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को खिलाड़ियों और शिक्षक दिवस के अवसर पर पांच सितंबर को शिक्षकों के लिए विशेष प्रवेश की व्यवस्था की गई है।

आगंतुकों का प्रवेश और निकास ‘नॉर्थ एवेन्यू रोड’ के निकट स्थित गेट संख्या 35 से होगा।

अमृत उद्यान में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। हालांकि, आगंतुकों को पहले से ऑनलाइन माध्यम से ‘स्लॉट’ बुक करना होगा। किसी भी दिन के लिए बुकिंग उससे एक दिन पहले सुबह 10 बजे बंद हो जाएगी। प्रवेश द्वार पर कोई बुकिंग सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

बयान के अनुसार, आगंतुक अपने साथ मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, पर्स, हैंडबैग, पानी की बोतल, शिशुओं के दूध की बोतल और छाता ले जा सकेंगे। इनके अलावा किसी अन्य वस्तु को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

आगंतुकों की सुविधा के लिए भ्रमण मार्ग पर पेयजल केंद्र, प्राथमिक उपचार केंद्र, वर्षा आश्रय और शौचालय की व्यवस्था की जाएगी।

इसके अलावा, केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से अमृत उद्यान के प्रवेश द्वार तक ‘शटल सर्विस फॉर अमृत उद्यान’ नाम से शटल बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी। यह बस सुबह 9:30 बजे से शाम छह बजे तक प्रत्येक 30 मिनट के अंतराल पर परिचालित होगी।

बयान के अनुसार, भ्रमण मार्ग पर बाल वाटिका, प्लूमेरिया गार्डन, बरगद उपवन (बनयान ग्रोव), बोनसाई गार्डन, बैबलिंग ब्रूक्स, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन शामिल होंगे।

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश