पंजाब में सीमा पार हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Ads

पंजाब में सीमा पार हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 09:43 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 09:43 PM IST

चंडीगढ़, 14 अप्रैल (भाषा) पंजाब पुलिस ने मंगलवार को तीन लोगों की गिरफ्तारी और छह पिस्तौल बरामदगी के साथ सीमा पार से हथियार तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और राज्य में हथियारों की तस्करी में मदद करते थे।

उन्होंने बताया कि खेप बरामद करने के बाद, आरोपियों ने कथित तौर पर पंजाब भर के आपराधिक तत्वों को हथियार मुहैया कराए।

डीजीपी ने कहा कि इस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए सभी संबंधों का पता लगाने हेतु गहन जांच जारी है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मंगल सिंह उर्फ ​​मंगा (30 वर्ष) तरन तारन के काजीकोट गांव का निवासी, प्रणव शर्मा उर्फ ​​लड्डू (24 वर्ष) अमृतसर के छेहरटा स्थित ऑर्किड वैली का निवासी और गौरव राणा (25 वर्ष) अमृतसर के गुरु नानक एवेन्यू का निवासी के रूप में हुई है।

बरामद पिस्तौलों में चीन निर्मित .30 बोर की दो पिस्तौल, जिगाना .30 बोर की एक पिस्तौल और .30 बोर की तीन अन्य पिस्तौल शामिल हैं।

इस अभियान की जानकारी साझा करते हुए अमृतसर पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीमों ने संदिग्ध मंगल सिंह को गिरफ्तार किया और उसके पास से .30 बोर की एक पिस्तौल बरामद की।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खुलासे के आधार पर सह-आरोपी प्रणव शर्मा और गौरव राणा को गिरफ्तार किया गया, जिसके परिणामस्वरूप पांच अतिरिक्त पिस्तौलें बरामद हुईं।

उन्होंने कहा कि प्रणव और गौरव का आपराधिक इतिहास है और उनके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।

उन्होंने बताया कि रणजीत एवेन्यू पुलिस थाने में दर्ज हथियारों के इस्तेमाल से जुड़े एक डकैती मामले में भी वे वांछित हैं।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी रणजीत एवेन्यू पुलिस थाने में बंदूक का जोर दिखा कर लूटपाट करने के एक मामले में भी वांछित हैं।

अमृतसर के कैंटोनमेंट पुलिस थाने में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा तान्या माधव

माधव