ब्रह्मपुर (ओडिशा), 22 अप्रैल (भाषा) पुलिस ने एक सप्ताह पहले फिरौती के लिए कथित तौर पर अपहृत रियल एस्टेट कारोबारी का बुधवार को सड़ा-गला शव बरामद किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान गोपालपुर के पास स्थित सत्यनारायणपुर के निवासी सुधीर पात्रा (47) के रूप में हुई है। पात्रा का 15 अप्रैल को शाम करीब 6:30 बजे दुरा के निकट अज्ञात बदमाशों के एक समूह ने कथित तौर पर अपहरण कर लिया था। उस समय बाइक सवार पात्रा अपने गांव जा रहे थे।
बदमाशों ने उस रात उन्हें छोड़ने के लिए परिजनों से दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तब से परिजनों को मृतक या अपहरणकर्ताओं की ओर से कोई संदेश नहीं मिला है।
पात्रा का अत्यधिक सड़ा-गला शव जिले के सोराडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गजालाबाड़ी के पास वनक्षेत्र में मिला।
ब्रह्मपुर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुभ्रांशु परिदा ने कहा ‘जंगल में सड़ा-गला शव मिलने की सूचना मिलते ही, हम मृतक के परिजनों और वैज्ञानिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।’
परिदा ने कहा कि शव पहचान की स्थिति में नहीं था, लेकिन परिजनों ने पहने गए कपड़ों के आधार पर शिनाख्त की।
एसडीपीओ ने बताया कि मौके पर ही शव परीक्षण किया गया और इसके बाद पुलिस ने उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने आशंका जताई है कि अपहरणकर्ताओं ने उसी रात कारोबारी की हत्या कर दी और शव को वनक्षेत्र में फेंक दिया।
परिदा ने बताया कि मृतक की पत्नी रश्मि रेखा पात्रा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पहले अपहरण का मामला दर्ज किया गया था और पुलिस ने कई टीमें बनाकर उसकी तलाश की।
एसडीपीओ ने कहा, ‘अब हमने अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।’
पुलिस ने बताया कि अपहरण और हत्या की घटना के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश