नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से मोटरसाइकिल सवार की मौत को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि ‘हत्या’ थी।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा ने नोएडा में भूखंड में भरे पानी में पिछले महीने डूबने से एक युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत की घटना से कोई सीख नहीं ली।
केजरीवाल ने आरोप लगाया, “भाजपा ने नोएडा की घटना से भी कुछ नहीं सीखा है। घोर लापरवाही और पूरी तरह से गैरजिम्मेदार रवैया अब भाजपा सरकारों की पहचान बन गया है। इसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है।”
उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार की ‘लापरवाही’ के कारण उनके बच्चे की जान चली गई।
‘आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए उस पर ‘नियमित रूप से झूठ बोलने’ का आरोप लगाया।
पुलिस ने बताया कि जनकपुरी इलाके में डीजेबी द्वारा निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से मोटरसाइकिल सवार कमल (25) की शुक्रवार सुबह मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि कैलाशपुरी निवासी कमल एक निजी बैंक के कॉल सेंटर में काम करता था और प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गड्ढा डीजेबी के निर्माण स्थल पर खोदा गया था तथा वहां बैरिकेड लगाए गए थे।
मृतक के परिजन ने डीजेबी पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश