नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में पूर्वोत्तर की तीन महिलाओं के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार और अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मालवीय नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी की जांच के बाद रूबी जैन को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी को किराए के मकान में मरम्मत कार्य को लेकर हुए विवाद के दौरान जैन ने अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के खिलाफ कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
पुलिस ने इस मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम को भी प्राथमिकी में शामिल किया है।
प्रारंभिक रूप से मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था, जिनमें आपराधिक धमकी, महिला की गरिमा का अपमान और विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने से संबंधित आरोप शामिल हैं।
पुलिस ने एक बयान में कहा, “एससी-एसटी अधिनियम जोड़े जाने के बाद अब जांच एसीपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की जा रही है।”
प्राथमिकी में नामजद एक पुरुष आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, झगड़े के दौरान नस्लीय टिप्पणी किए जाने के संकेत वीडियो रिकॉर्डिंग और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की जांच के बाद मिले, जिसके आधार पर गिरफ्तारी की गई।
भाषा राखी मनीषा
मनीषा