नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के काका नगर इलाके में एक डीसीपी के आवास पर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और चोरी हुआ सारा सामान भी बरामद कर लिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने चोरी हुआ आईफोन, हीरे की अंगूठी, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों सहित सभी सामान को बरामद कर लिया।
दिल्ली पुलिस ने पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के घर हुई चोरी की घटना को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच के आधार पर 12 अगस्त को तैमूर नगर निवासी इमरान उर्फ सावन को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 11 अगस्त को हुई, जब अधिकारी ड्यूटी के लिए सुबह करीब 5.30 बजे अपने आवास से निकले। वह सुबह करीब 8 बजे लौटे और घर में सामान बिखरा हुआ देखा, जिसके बाद तुगलक रोड थाने को मामले की सूचना दी गई।
पुलिस ने कहा कि एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और एक एप्पल आईफोन 15 प्रो, एक वनप्लस मोबाइल फोन व एक पर्स चुरा लिया। पर्स में 10,000 रुपये नकद, एक हीरे की अंगूठी और अन्य दस्तावेज थे।
चुराए गए सामान में डेबिट और क्रेडिट कार्ड और पहचान दस्तावेज भी शामिल हैं।
पुलिस ने कहा कि अधिकारी का बटुआ भी चोर ले गया, जिसमें उनका दिल्ली पुलिस का पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और सीजीएचएस कार्ड था। पुलिस के मुताबिक, घर में काम करने वाली एक घरेलू सहायिका का मोबाइल फोन भी चोरी हो गया।
पुलिस ने बताया कि अधिकारी रसोई के पास स्थित ऐसे दरवाजे से बाहर निकले थे, जिसमें ताला लगाने की सुविधा नहीं थी और चोर यहीं से घर में घुसा।
पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की और तकनीकी निगरानी का इस्तेमाल किया, जिससे आरोपी की पहचान हुई।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप