दिल्ली में मूसलाधार बारिश के बाद सुहावनी रही सुबह

दिल्ली में मूसलाधार बारिश के बाद सुहावनी रही सुबह

दिल्ली में मूसलाधार बारिश के बाद सुहावनी रही सुबह
Modified Date: July 10, 2023 / 01:05 pm IST
Published Date: July 10, 2023 1:05 pm IST

नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में दो दिन तक मूसलाधार बारिश होने के बाद सोमवार को सुबह मौसम सुहावना रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 95 प्रतिशत रहा।

मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आम तौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जतायी है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

दिल्ली में सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 107 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यात्रियों को जगह-जगह सड़कों पर पानी भरे होने की वजह से सोमवार सुबह परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रगति मैदान सुरंग को जलभराव के कारण सोमवार को यातायात के लिए बंद कर दिया गया।

यातायात पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर खाते पर यह जानकारी देते हुए कहा, ‘‘ जलभराव के कारण प्रगति मैदान सुरंग पर यातायात की आवाजाही बंद है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा करते समय इसका ध्यान रखें।’’

वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह पानी भरने और यमुना नदी में बढ़ते जल स्तर के बाद स्थिति की समीक्षा के लिए सोमवार को बैठक बुलाई है।

भाषा निहारिका नरेश

नरेश


लेखक के बारे में