दिल्ली में एलपीजी गैस की अवैध बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार, 62 एलपीजी सिलेंडर जब्त

Ads

दिल्ली में एलपीजी गैस की अवैध बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार, 62 एलपीजी सिलेंडर जब्त

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 06:33 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 06:33 PM IST

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जामिया नगर इलाके में कथित तौर पर अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडर बेचने के आरोप में 28 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और उसके कब्जे से 62 सिलेंडर तथा परिवहन में इस्तेमाल एक वाहन बरामद किया गया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान शाहनवाज के रूप में हुई है, जिसे सोमवार को यमुना पुस्ता क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान पकड़ा गया था।

उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम ने शाहनवाज को एलपीजी सिलेंडरों से लदे एक टेम्पो के पास खड़े होकर उन्हें बेचते देखा। पूछताछ करने पर वह सिलेंडरों की बिक्री के लिए कोई वैध लाइसेंस या प्राधिकरण प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने बताया कि वाहन से कुल 62 एलपीजी सिलेंडर (48 भरे हुए और 14 इस्तेमाल किए हुए) बरामद किए गए और वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अधिक मुनाफा कमाने के लिए बिना रसीद दिए स्थानीय लोगों को सिलेंडर बेच रहा था। उसने यह भी बताया कि वह मुकेश नामक एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलीभगत कर काम कर रहा था, जो सिलेंडरों की व्यवस्था करता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस सह-आरोपी मुकेश की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है और मामले की जांच जारी है।

भाषा राखी रंजन

रंजन