नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) दिल्ली सरकार ने कथित वित्तीय अनियमितताओं, सुरक्षा खामियों और नियमों के उल्लंघन को लेकर रोहिणी स्थित निजी ग्लोबल स्कूल के प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
शिक्षा निदेशालय ने वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल को यह नोटिस शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग और दिल्ली सरकार के अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किए गए संयुक्त औचक निरीक्षण के बाद जारी किया।
शिक्षा निदेशालय ने कहा कि निरीक्षण के निष्कर्षों पर स्कूल की शुरुआती प्रतिक्रिया ‘टालमटोल वाली’ और ‘असंतोषजनक’ पाई गई, जिसके बाद विभाग ने स्कूल से पूछा कि क्यों न स्कूल का प्रबंधन दिल्ली के प्रशासक को सौंप दिया जाए।
नोटिस में शिक्षा निदेशालय ने कई उल्लंघनों का आरोप लगाया है, जिसमें निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के काम में बाधा डालना, जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने से इनकार करना और अधिकारियों को छात्रों से निजी तौर पर बातचीत करने की अनुमति नहीं देना शामिल है।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि स्कूलों को शिक्षा के संस्थान के रूप में काम करना चाहिए, न कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की तरह।
उन्होंने कहा, “जो प्रबंधन कानूनों की अनदेखी करेंगे और छात्रों या अभिभावकों का शोषण करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वित्तीय अनियमितताएं, परिसर का व्यावसायिक दुरुपयोग और छात्रों की सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
भाषा जोहेब देवेंद्र
देवेंद्र