दिल्ली सरकार भलस्वा ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की समीक्षा कर रही; मरम्मत और पारदर्शी आवंटन की योजना बना रही

Ads

दिल्ली सरकार भलस्वा ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की समीक्षा कर रही; मरम्मत और पारदर्शी आवंटन की योजना बना रही

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 08:57 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 08:57 PM IST

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने सोमवार को भलस्वा में ईडब्ल्यूएस फ्लैटों का निरीक्षण करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार झुग्गियों और अनधिकृत बस्तियों के निवासियों को सम्मानजनक आवास प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सूद ने कहा कि इस स्थल पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग ( ईडब्ल्यूएस ) के लगभग 7,400 फ्लैट बनाए गए थे, जो पिछले कई वर्षों से आवंटन न होने के कारण अब जर्जर अवस्था में हैं।

उन्होंने कहा कि यह निरीक्षण फ्लैटों की वर्तमान स्थिति का आकलन करने और आवश्यक मरम्मत तथा पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के लिए किया गया है।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता झुग्गी बस्तियों में रहने वाले परिवारों की चिंताओं के प्रति संवेदनशील रही हैं और उन्होंने लगातार उनके लिए, विशेष रूप से बच्चों के लिए, बेहतर और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

सूद ने कहा कि ये फ्लैट सार्वजनिक धन का उपयोग करके बनाए गए थे और वर्तमान सरकार इनके उचित पुनर्विकास और पात्र लाभार्थियों को पारदर्शी आवंटन पर विचार कर रही है।

सूद ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी झुग्गी निवासी को विस्थापित नहीं किया जाएगा और यथास्थान विकास, पुनर्विकास या पुनर्वास योजनाओं के तहत पात्र परिवारों को सम्मानजनक आवास प्रदान किया जाएगा।

पिछली सरकार की आलोचना करते हुए मंत्री ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के कार्यकाल के दौरान बनाए गए फ्लैट इस हद तक खराब हो गए हैं कि वे अब रहने लायक नहीं रहे।

उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार ने न तो समय पर आवंटन सुनिश्चित किया और न ही झुग्गीवासियों के लिए उचित पुनर्वास योजना बनाई, जिससे फ्लैटों की वर्तमान स्थिति खराब हुई और मरम्मत पर भारी खर्च की आवश्यकता पड़ी।

भाषा नोमान

नोमान दिलीप

दिलीप