दिल्ली: अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़; पांच करोड़ रु. की कोकीन जब्त, दो गिरफ्तार

Ads

दिल्ली: अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़; पांच करोड़ रु. की कोकीन जब्त, दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 10:11 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 10:11 PM IST

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है और पांच करोड़ रुपये मूल्य की लगभग पांच किलोग्राम कोकीन जब्त की है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलने के बाद 10 अप्रैल को पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर गोलचक्कर क्षेत्र से 29-वर्षीय जावेद हुसैन को गिरफ्तार किया और उसके पास से 456 ग्राम कोकीन बरामद की।

अपराध शाखा में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान हुसैन ने बताया कि प्रतिबंधित सामान उत्तर प्रदेश के एक कथित आपूर्तिकर्ता 25-वर्षीय शोएब खान से प्राप्त किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की सहायता से 22 अप्रैल को बरेली में छापेमारी की।

पुलिस ने खान को बरेली स्थित उसके आवास से पकड़ा और बाद में मामले के संबंध में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि हुसैन निरक्षर है और वह उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक जींस निर्माण इकाई में काम करता था, जबकि खान की भी कोई औपचारिक शिक्षा नहीं हुई है।

पुलिस ने बताया कि खान फिलहाल पुलिस हिरासत में है और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस ने बताया कि जांच जारी है।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश