दिल्ली: उपराज्यपाल ने भीषण गर्मी के बीच मोबाइल राहत वैन और शीतलन केंद्रों के विस्तार का दिया आदेश

Ads

दिल्ली: उपराज्यपाल ने भीषण गर्मी के बीच मोबाइल राहत वैन और शीतलन केंद्रों के विस्तार का दिया आदेश

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 08:13 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 08:13 PM IST

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) दिल्ली में भीषण गर्मी के मद्देनजर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मंगलवार को विभागों को दिल्ली भर में मोबाइल राहत वैन और शीतलन केंद्रों का विस्तार करने का निर्देश दिया। संधू ने एजेंसियों को भीषण गर्मी के बीच त्वरित जन राहत सुनिश्चित करने के लिए एक टीम के रूप में काम करने का निर्देश दिया।

उपराज्यपाल संधू ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ लू कार्य योजना के क्रियान्वयन से जुड़ी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली की विशाल आबादी 13 जिलों में बंटी है और प्रत्येक जिले में केवल एक मोबाइल राहत वैन पर्याप्त नहीं हो सकती है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उपराज्यपाल संधू ने विभागों को मोबाइल राहत वैन और शीतलन केंद्रों की संख्या बढ़ाने और उन्हें उन क्षेत्रों में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, जहां विक्रेताओं, बेघरों, मजदूरों, आजीविका के लिए सड़कों पर रहने वाले लोगों और भीड़भाड़ वाले बाजारों की अधिक संख्या है।

संधू ने राजधानी में स्थायी राहत समाधान प्रदान करने के लिए दीर्घकालिक शहरी शीतलन पर ध्यान केंद्रित करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला, ताकि ‘शहरी तापीय द्वीप’ (अर्बन हीट आइलैंड) प्रभाव से निपटा जा सके।

अधिकारियों ने कहा, ‘‘उन्होंने सभी एजेंसियों को जनता की सेवा करने और तत्काल राहत पहुंचाने के एकमात्र उद्देश्य से एक टीम के रूप में निर्बाध रूप से काम करने का निर्देश दिया।’’

मुख्यमंत्री गुप्ता ने अधिकारियों को शीतलन केंद्रों पर कर्मचारियों की शिफ्ट बदलने के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने का भी निर्देश दिया, ताकि जनसेवा निर्बाध बनी रहे।

उपराज्यपाल ने कहा कि नागरिकों को केवल जमीनी स्तर पर हो रहे वास्तविक कार्य को देखने में रुचि है और उन्हें विभिन्न विभागों या प्राधिकरणों के बीच अधिकार क्षेत्र के विभाजन से कोई लेना-देना नहीं है।

भाषा संतोष दिलीप

दिलीप

शीर्ष 5 समाचार