दिल्ली के व्यक्ति से एपीके लिंक के जरिए 80 हजार रुपये की ठगी, झारखंड से एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

दिल्ली के व्यक्ति से एपीके लिंक के जरिए 80 हजार रुपये की ठगी, झारखंड से एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 05:20 PM IST

नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) दिल्ली के एक व्यक्ति को एपीके लिंक भेजकर 80 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में झारखंड के पहाड़ी इलाके से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान झारखंड के गिरिडीह निवासी प्रवीण राणा (25) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित को एक एपीके फ़ाइल भेजी गई, जिसे डाउनलोड करते ही उसकी बैंकिंग जानकारी लीक हो गई। इसके बाद पैसा एक बैंक खाते में अंतरण कर दिया गया और फिर एटीएम के माध्यम से निकाल लिया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में बाहरी उत्तरी दिल्ली जिले के साइबर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि धन के लेन-देन के विश्लेषण और कॉल विवरण एवं ग्राहक विवरण रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस झारखंड तक पहुंची।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी को सीएआईआर पोर्टल के माध्यम से बार-बार नोटिस भेजे गए, लेकिन उसने कथित तौर पर जांच में सहयोग करने से परहेज किया और गिरफ्तारी से बचता रहा।

उन्होंने बताया, ‘‘सात मई को, सूचना और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर, पुलिस की एक टीम ने झारखंड में आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की कार्रवाई की। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी का आभास होते ही, राणा कथित तौर पर पास के जंगल में भाग गया और पहाड़ी रास्ते से भागने की कोशिश की।’’

पुलिस दल ने हालांकि उसका पीछा किया और आखिरकार उसे पकड़ लिया। उसके पास से कथित तौर पर धोखाधड़ी से जुड़ा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। आगे की जांच जारी है।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप