नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) उत्तरी दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में 25 वर्षीय एक युवक की चाकू मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, रविवार को मॉडल टाउन थाने को विनायक अस्पताल से एक युवक को मृत अवस्था में लाए जाने के संबंध में सूचना मिली। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और पाया कि बुराड़ी के तोमर कॉलोनी निवासी साहिल (25) को उसके दोस्त शिव और शुभम वहां लेकर आए थे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक के सीने, पीठ और गर्दन पर चाकू से वार किए जाने के कई निशान थे।
जांच के दौरान पता चला कि यह घटना एमसीडी कॉलोनी में हुई थी। चश्मदीद शिव के बयान के अनुसार, लालबाग निवासी आशु उर्फ लाला (18) ने साहिल पर चाकू से वार किए थे। वारदात में इस्तेमाल चाकू को घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी से बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मॉडल टाउन थाने में प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं और अपराध के मकसद की जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान मनीषा
मनीषा