नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) पश्चिमी दिल्ली में रविवार शाम 500 से अधिक लोगों ने एक मार्च में भाग लिया, जिसमें जानवरों के लिए मजबूत कानूनी सुरक्षा और शोषण को रोकने के वास्ते संरचनात्मक सुधारों की मांग की गई।
इस संबंध में जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि ‘एनिमल राइट्स मार्च दिल्ली 2026’ का आयोजन ‘दिल्ली वीगन्स फॉर एनिमल लिबरेशन’ द्वारा ‘वाईवी केयर’, ‘वन जस्ट वर्ल्ड’, ‘वीगन इंडिया मूवमेंट’ और ‘वर्ल्ड वीगन विजन’ के सहयोग से किया गया था।
विज्ञप्ति के अनुसार, यह मार्च पैसिफिक मॉल के पास से शुरू हुआ और आसपास के इलाकों से होते हुए निकाला गया। आयोजकों ने कहा कि प्रदर्शन का उद्देश्य पशु क्रूरता निवारण अधिनियम का कड़ाई से पालन करवाना और क्रूरता को कम करने के लिए व्यापक नीतिगत सुधारों की मांग करना था।
इसमें कहा गया कि छात्रों, कार्यकर्ताओं और पेशेवरों सहित प्रतिभागियों ने डेयरी उत्पादन, बूचड़खानों, प्रयोगशाला परीक्षण और मनोरंजन जैसे उद्योगों में मुद्दों को उठाने वाले बैनर और तख्तियां ले रखी थीं।
सभा को संबोधित करते हुए कार्यकर्ता साई विग्नेश ने कहा कि समाज को उन प्रथाओं पर पुनर्विचार करना चाहिए जो पशु क्रूरता को सामान्य बनाती हैं।
वहीं, एक अन्य वक्ता भूमिका ने कहा कि शोषण के सभी रूपों में करुणा का भाव एक समान रहना चाहिए।
सह-आयोजक मंजिरा बनर्जी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पशु अधिकारों और नीति सुधारों के बारे में सार्वजनिक चर्चा को प्रोत्साहित करना है।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल