नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई-हाशिम बाबा गिरोह के एक गुर्गे को उत्तर प्रदेश के अमरोहा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के एक अधिकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान जाफराबाद निवासी सद्दाम हुसैन उर्फ सोनू के तौर पर हुई है और वह सितंबर 2024 में यहां ग्रेटर कैलाश स्थित एक जिम के सह मालिक की गोली मारकर हत्या करने में कथित रूप से शामिल था।
उन्होंने बताया कि हुसैन इस मामले में करीब दो साल से पुलिस को चकमा दे रहा था और मुखबिर की सूचना पर उसे 20 जुलाई को विशेष प्रकोष्ठ की एक टीम ने अमरोहा से गिरफ्तार कर लिया तथा उसकी निशानदेही पर उत्तर पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके से एक पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए।
अधिकारी ने बताया कि लॉरेंस बिश्नोई-हाशिम बाबा गिरोह ने रंगदारी को लेकर जिम मालिक नादिर शाह की हत्या की कथित तौर पर साजिश रची।
उन्होंने बताया कि हुसैन ने साजिद फद्दी के साथ मिलकर शाह की हत्या में शामिल शूटर को कथित रूप से मदद उपलब्ध कराई थी और बाद में कत्ल में इस्तेमाल हथियारों को छुपाने में भी उसकी भूमिका थी। साजिद को पहले गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस ने बताया कि हुसैन गिरोह प्रतिद्वंद्वी को लेकर हत्या की कोशिश के दो मामलों में शामिल रहा है।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश