दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंड़ाफोड़ किया, दो नाइजीरियाई समेत तीन गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंड़ाफोड़ किया, दो नाइजीरियाई समेत तीन गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंड़ाफोड़ किया, दो नाइजीरियाई समेत तीन गिरफ्तार
Modified Date: September 28, 2026 / 07:44 pm IST
Published Date: September 28, 2026 7:44 pm IST

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया ऐप के जरिए सिर्फ एक बार देखे जाने के बाद अपने आप गायब होने वाले संदेशों के जरिए नशीले पदार्थों की आपूर्ति करता था। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी हार्दिक जैन कथित तौर पर ईडीएम (इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक) उत्सवों और ‘टेक्नो पार्टीज़’ से जुड़े लोगों के साथ-साथ बहुराष्ट्रीय कंपनियों के कुछ कर्मचारियों को मादक पदार्थों की आपूर्ति करता था।

पुलिस के अनुसार, जैन को दो नाइजीरियाई नागरिकों के साथ गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर उसे मादक पदार्थ मुहैया कराते थे।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान 117.07 ग्राम एमडीएमए और 97.19 ग्राम एम्फ़ैटेमिन बरामद की गई। इसके अलावा पुलिस ने 2.43 ग्राम कोकीन, एलएसडी ब्लॉटर के 25 पत्ते और 2,370 मिलीलीटर टीएचसी-युक्त उत्पाद भी बरामद किए हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने जैन के पास से एक कार, एक स्कूटी, तीन तराज़ू और एक नकद गिनने वाली मशीन के साथ-साथ नशीले पदार्थों की बिक्री से कथित तौर पर कमाए गए 19.01 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि स्वापक रोधी प्रकोष्ठ को सूचना मिली कि जैन कथित तौर पर एमडीएमए और अन्य महंगे मादक पदार्थों की आपूर्ति कर रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि 24 सितंबर को पुलिस ने जैन के आवास पर छापा मारा और उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वह एक ऑनलाइन मैसेजिंग एप्लिकेशन का उपयोग ‘वन-टाइम’ (एक बार देखे जाने वाले) संदेश भेजने के लिए करता था, जो देखने के बाद अपने आप गायब हो जाते थे। इसके बाद वह सामान पहुंचाने वाले ऑनलाइन मंचों के माध्यम से मादक पदार्थों की आपूर्ति की व्यवस्था करता था।

पुलिस ने उससे पूछताछ के आधार पर नाइजीरियाई नागरिक चिडी एज़ियोनो नुजू (38) और इलेका चुक्वुमेका (29) को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों के पास से 97.19 ग्राम एम्फ़ैटेमिन, एमडीएमए की 102 गोलियां, एक स्कूटी और एक तराज़ू बरामद किया गया है।

पुलिस ने कहा कि एज़ियोनो नुजू 2021 में विकासपुरी थाने में दर्ज एनडीपीएस के एक मामले में शामिल था और इस साल अप्रैल में उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। उसे 305 ग्राम हेरोइन मिलने के बाद गिरफ्तार किया गया था और बाद में दिल्ली उच्च न्यायालय ने उसे जमानत दे दी थी।

भाषा नोमान दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में