दिल्ली पुलिस ने अंतरराजीय मादक पदार्थ आपूर्ति नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, चार गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने अंतरराजीय मादक पदार्थ आपूर्ति नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, चार गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने अंतरराजीय मादक पदार्थ आपूर्ति नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, चार गिरफ्तार
Modified Date: March 15, 2026 / 07:01 pm IST
Published Date: March 15, 2026 7:01 pm IST

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने नशीली दवाओं (मनोविकृति नाशक) की अवैध आपूर्ति करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित दवाओं की एक बड़ी खेप भी बरामद की गई है।

अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के पटियाला निवासी सलमान खान, दिल्ली निवासी विपिन कुमार पाल तथा उत्तर प्रदेश निवासी अब्दुल रहमान और रवि गर्ग के रूप में हुई है।

पुलिस को सात मार्च को सूचना मिली कि विपिन कुमार पाल नशीली दवाओं (अल्प्राजोल्म और ट्रामाडोल) की अवैध आपूर्ति में शामिल है। वह शाम को कश्मीरी गेट के पास सलमान खान नामक व्यक्ति को दवाओं की खेप सौंपने वाला था।

सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने यमुना पुल के पास जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। फुटपाथ पर प्लास्टिक की बोरी के साथ खड़े पाल और मौके पर पहुंचे सलमान के पास से कुल 59,925 नशीली गोलियां बरामद की गईं, जिनका वजन करीब 8.09 किलोग्राम है।

पूछताछ में पता चला कि यह खेप मुजफ्फरनगर निवासी अब्दुल रहमान के जरिए मंगाई गई थी जिसे आगे पंजाब में एक अन्य सहयोगी तक पहुंचाया जाना था।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद 13 मार्च को अब्दुल रहमान और रवि गर्ग को गिरफ्तार कर लिया गया। मुजफ्फरनगर में उनके किराए के मकान की तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब आठ किलोग्राम वजन के 2,000 रेक्सोजेसिक (बुप्रेनॉर्फिन) इंजेक्शन बरामद किए।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में