नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर में नकली इंजन ऑयल बनाने वाली एक इकाई का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली निवासी राकेश कुमार छाबड़ा (52) और कुलदीप सिंह (52) को बृहस्पतिवार को एक गोदाम पर छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस ने लोकप्रिय ब्रांड के पैकेट में पैक लगभग 700 लीटर नकली इंजन ऑयल बरामद किया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘जब्त की गई वस्तुओं में 20. 20 लीटर के 28 तेल के डिब्बे और एक लीटर की 140 बोतलें शामिल हैं, साथ ही विभिन्न ब्रांड की 550 से अधिक खाली बोतलें, स्टिकर, कूपन, बारकोड, लेबल और अन्य पैकेजिंग सामग्री भी बरामद की गई।’’
उन्होंने बताया कि परिसर से नकली इंजन ऑयल के निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली बोतल सीलिंग मशीन, ड्रम, बाल्टियां, कीप, छन्नी और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी प्रतिष्ठित ब्रांड के नाम पर नकली इंजन ऑयल बनाकर बाजार में बेचते थे।
पुलिस ने बताया कि छाबड़ा हरियाणा में कपड़ों का व्यवसाय करता था जो कोविड-19 महमारी के दौरान बंद हो गया था। सिंह ने स्वास्थ्य समस्याओं के कारण ट्रक चालक की नौकरी छोड़ दी, जिसके बाद दोनों 2022 में अवैध व्यापार में शामिल हो गए।
पुलिस ने बताया कि आपूर्ति शृंखला में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा धीरज नरेश
नरेश