नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने शहर में अवैध रूप से रहने और मादक पदार्थों की तस्करी समेत अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त होने के संदेह में 191 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन विदेशी नागरिकों को एक महीने तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों ने कहा, ‘विस्टा 1.0’ नामक अभियान विदेशी नागरिकों के वीजा और आव्रजन स्थिति की पुष्टि करने और स्थानीय, अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक और मादक पदार्थ के साथ उनके संभावित संबंधों पर खुफिया जानकारी इकट्ठा करने पर केंद्रित था।
अधिकारियों ने कहा कि हिरासत में लिए गए विदेशी नागरिकों को कथित तौर पर विभिन्न कानूनों का उल्लंघन करते हुए पाया गया और उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई और निर्वासन के लिए निरूद्ध केंद्रों में भेज दिया गया।
अभियान के दौरान, पुलिस ने पासपोर्ट, वीजा और अन्य आव्रजन-संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया।
पुलिस ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि हिरासत में लिए गए किसी भी व्यक्ति का स्थानीय, अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोह या मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह से संबंध था या नहीं।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश