दिल्ली पुलिस ने ढाई लाख रुपये से भरा बैग ढूंढकर नागपुर के व्यक्ति को लौटाया

Ads

दिल्ली पुलिस ने ढाई लाख रुपये से भरा बैग ढूंढकर नागपुर के व्यक्ति को लौटाया

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 10:21 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 10:21 PM IST

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने नागपुर के एक व्यक्ति का ऑटो-रिक्शा में छूट गया ढाई लाख रुपये से भरा बैग ढूंढकर उसे वापस कर दिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने ऑटो-रिक्शा जिस मार्ग से गुजरा, उसपर लगे सीसीटीवी के फुटेज को खंगाला।

अधिकारियों ने बताया कि घटना की रिपोर्ट 10 अगस्त को महरौली थाने में दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसका बैग ऑटोरिक्शा में छूट गया था, लेकिन उसे गाड़ी का पंजीकरण नंबर याद नहीं है।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने ऑटो-रिक्शा जिस मार्ग से गुजरा, उसपर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज का विश्लेषण किया, जिससे ऑटो और उसके मालिक का पता लगाने में मदद मिली।

उन्होंने कहा, ‘वाहन की तलाशी ली गई और नकदी से भरा बैग यात्री सीट के पीछे रखा हुआ मिला। चालक को इस बात की जानकारी नहीं थी कि बैग वाहन में ही छूट गया है।’

बाद में पुलिस ने शिकायतकर्ता को बैग और नकदी सौंप दी।

भाषा नोमान दिलीप

दिलीप