नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने एक एनजीओ की आड़ में संचालित एक अवैध योजना के माध्यम से लोगों से लगभग 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में 35 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
ईओडब्ल्यू ने बयान में कहा कि पूर्वी दिल्ली के मंडावली के निवासी मोहम्मद नाजिम को भारतीय दंड संहिता की आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के साथ-साथ प्राइज चिट्स एंड मनी सर्कुलेशन स्कीम (प्रतिबंध) अधिनियम के तहत प्राथमिकी के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
ईओडब्ल्यू के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सुबोध कुमार गोस्वामी ने बयान में कहा, ”ख्वाजा गरीब नवाज’ (केजीएन) नामक एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के नाम पर कथित तौर पर यह ठगी की गई। संगठन ने गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को सिलाई मशीन, रेफ्रिजरेटर, टेलीविजन, वॉशिंग मशीन तथा अन्य घरेलू सामान देने का लालच देकर विभिन्न योजनाओं के जरिए धन जमा किया था।”
पुलिस ने कहा कि दक्षिणपूर्वी दिल्ली के मदनपुर खादर निवासी शिकायतकर्ता ने कई अन्य पीड़ितों के साथ आरोप लगाया कि एनजीओ ने पढ़ाई में सहायता, विवाह के मौके पर लाभ और अन्य प्रोत्साहन का भी वादा किया था। निवेशकों द्वारा योजनाओं के तहत अधिक सदस्यों को जोड़ने पर उन्हें नकद लाभ और उनकी जमा राशि की वापसी का आश्वासन दिया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘आरोपों की प्रारंभिक जांच के बाद 10 अगस्त, 2023 को मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि नाजिम अपने सहयोगियों के साथ एनजीओ की आड़ में अवैध धन परिसंचरण और ‘पिरामिड’ (सदस्य जोड़ने वाली) योजनाएं चलाने में सक्रिय रूप से शामिल था।’
पुलिस ने कहा कि अन्य आरोपियों की पहचान करने और निवेशकों से एकत्र किए गए धन का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव