दिल्ली पुलिसकर्मियों ने आत्महत्या का प्रयास करने वाले घायल शिक्षक को ई-रिक्शा से पहुंचाया अस्पताल

Ads

दिल्ली पुलिसकर्मियों ने आत्महत्या का प्रयास करने वाले घायल शिक्षक को ई-रिक्शा से पहुंचाया अस्पताल

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 05:56 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 05:56 PM IST

नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस के दो कांस्टेबलों ने यहां रानी झांसी फ्लाईओवर से कथित तौर पर छलांग लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास करने वाले 45 वर्षीय एक सरकारी स्कूल शिक्षक की जान बचाई। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि घटना के बाद कांस्टेबलों ने एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय उन्हें एक ई-रिक्शा से तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना आठ जुलाई को शाम करीब चार बजे की है। उस समय आज़ाद मार्केट चौक पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति फ्लाईओवर से छलांग लगाने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही कांस्टेबल साहिल और अमित तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मियों ने फ्लाईओवर से नीचे गिरे घायल व्यक्ति को देखते ही, बिना समय गंवाए एक गुजरते हुए ई-रिक्शे को रुकवाया और उस घायल शख्स को उसमें बिठाकर तुरंत हिंदू राव अस्पताल ले गए ताकि बिना किसी देरी के उसे आपातकालीन इलाज मिल सके।

अधिकारियों ने बताया कि चिकितस्कों के अनुसार, वह व्यक्ति खतरे से बाहर है और अभी अस्पताल में भर्ती है।

पुलिस ने बताया कि यातायात पुलिसकर्मियों की त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित प्रयासों ने शिक्षक की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिलहाल, आत्महत्या के प्रयास के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश