ओडिशा में यौन उत्पीड़न से तंग आकर खुद को आग लगाने वाली युवती की मौत

Ads

ओडिशा में यौन उत्पीड़न से तंग आकर खुद को आग लगाने वाली युवती की मौत

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 08:48 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 08:48 PM IST

ब्रह्मपुर (ओडिशा), 12 जुलाई (भाषा) ओडिशा में पिता द्वारा वर्षों तक यौन उत्पीड़न किए जाने से तंग आकर खुद को कथित तौर पर आग लगाने वाली 22 वर्षीय युवती ने रविवार को भुवनेश्वर के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

विवाहित युवती ने बृहस्पतिवार को गंजाम जिले में अपनी ससुराल के मकान में खुद को कथित तौर पर आग लगाई, जिसकी वजह से वह करीब 75 प्रतिश तक जल गई।

एक हाईस्कूल में शिक्षक लड़की के पिता को वर्षों तक, यहां तक कि शादी हो जाने के बावजूद उसका यौन उत्पीड़न करने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

एएसपी (ब्रह्मपुर) आलोक जेना ने कहा, “उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता की मौत के बाद उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया जाएगा।”

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले ही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत नौ जुलाई को निमाखंडी थाने में मामला दर्ज किया जा चुका था।

पुलिस ने कहा कि वह यह भी पता लगा रही है कि युवती को उकसाने में दूसरे किसी व्यक्ति की कोई भूमिका तो नहीं है।

पुलिस के अनुसार जांच के तहत जांचकर्ताओं ने युवती के परिवार के सदस्यों और ससुराल वालों से पूछताछ की है।

युवती ने खुद को आग लगाने से पहले ससुराल के घर की छत पर खुलने वाला दरवाजा बंद कर लिया था। युवती के देवर ने उसे बचाया, जिसके बाद उसे ब्रह्मपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया और फिर हालत बिगड़ने पर उसे भुवनेश्वर के एक अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने ब्रह्मपुर अस्पताल में इलाज के दौरान युवती का बयान दर्ज किया, जिसमें उसने अपने पिता का नाम लिया और आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्ष से, यहां तक कि पिछले साल शादी होने के बाद भी, उसका पिता उसका यौन शोषण करता रहा।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी ने शादी से पहले युवती के ससुर से कथित तौर पर 10 लाख रुपये उधार लिए थे और जब युवती ने उससे पैसे लौटाने के लिए कहा, तो उसने कथित तौर पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से युवती ने यह कदम उठाया।

भाषा जोहेब संतोष

संतोष