दिल्ली पुलिस जनसुनवाईः गणेश मूर्ति के लापता होने से लेकर साइबर ठगी तक के मामले आए

Ads

दिल्ली पुलिस जनसुनवाईः गणेश मूर्ति के लापता होने से लेकर साइबर ठगी तक के मामले आए

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 10:25 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 10:25 PM IST

(दृष्टि राजपूत)

नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को दिल्ली पुलिस की जन सुनवाई में लोगों ने साइबर धोखाधड़ी, वैवाहिक कलह, संपत्ति विवाद और भगवान गणेश की मूर्ति की छह महीने पुरानी अनसुलझी चोरी समेत कई शिकायतें रखीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार शिकायतकर्ता ने कहा कि मानसिक रूप से अक्षम आरोपी मर्सिडीज से आया और कथित तौर पर उसने मूर्ति चुरा ली थी। शिकायतकर्ता ने मूर्ति वापस दिलाने की मांग की।

हौज़ खास में जनसुनवाई कार्यक्रम में पहले शिकायतकर्ता खेलगांव के 82 वर्षीय सुधीर गुप्ता ने शिकायत की कि उन्हें सुबह से ही मुंबई के एक फोनकर्ता से बार-बार साइबर ठगी की कॉल आ रही हैं और उनसे कथित तौर पर बकाया बिलों के भुगतान की मांग की जा रही है। अधिकारियों ने उन्हें सलाह दी कि वह अनजान कॉल करने वालों को जवाब न दें और साइबर ठगी की कोशिशों के प्रति सतर्क रहें।

गुप्ता ने कहा कि छह महीने पहले डिफ़ेंस कॉलोनी का एक व्यक्ति मर्सिडीज़ कार से आया और उनके घर में घुसने की कोशिश की। उन्होंने कहा, ‘‘जब वह घर के अंदर नहीं घुस पाया, तो उसने घर के प्रवेश द्वारा पर रखी भगवान गणेश की मूर्ति चुरा ली।’’

पुलिस ने शिकायतकर्ता को बताया कि चोरी की रिपोर्ट के बाद उन्होंने आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया था, लेकिन बाद में अभिरक्षा में ही प्राकृतिक कारणों से उसकी मौत हो गई।

गुप्ता ने पुलिस को बताया कि चोरी हुई मूर्ति अभी तक बरामद नहीं हुई है और उन्होंने पुलिस से उसे ढूंढकर वापस लाने का आग्रह किया। अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वे नियमों के अनुसार इस मामले की जांच करेंगे।

एक अन्य मामले में, ज्योति शर्मा ने आरोप लगाया कि आईआईटी से पढ़े उनके पति अक्सर अपना घर बदलते रहते हैं जिससे उन्हें ढूंढना नामुमकिन हो गया है । शर्मा ने कहा कि उनके पति ने 2019 में शादी के कुछ समय बाद ही उन्हें छोड़ दिया और तब से उन्हें उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई सालों तक कोई संपर्क में न रहने के बाद, हाल में उनके पति उन्हें फिर से फ़ोन करना शुरू कर दिया, जिससे उन्हें भविष्य में परेशानी का डर सताने लगा। शर्मा ने कहा कि वह उनसे कोई संबंध नहीं रखना चाहतीं। अधिकारियों ने उन्हें विवाह विवाद प्रकोष्ठ में अपनी शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

द्वारका में, उत्तम नगर के मोहन गार्डन में शंभू प्रसाद प्रजापति ने नजफगढ़ इलाके में एक घर को लेकर संपत्ति विवाद का मामला उठाया। उनका आरोप था कि उनकी पत्नी के नाम पर पंजीकृत संपत्ति अब मालिकाना हक के विवाद का विषय बन गई है।

प्रजापति का दावा है कि कई अधिकारियों से संपर्क करने के बावजूद कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई और उनकी सहमति के बिना ही मामला बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायत करने पर मामला फिर से खुल गया है, लेकिन अब भी अंतिम समाधान का इंतजार है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुनवाई के दौरान कोई गंभीर मामला सामने नहीं आया। प्राप्त अधिकांश शिकायतें पड़ोसियों के बीच विवाद, मामूली कहासुनी और संपत्ति संबंधी मामलों से जुड़ी थीं।

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश