दिल्ली के परिवहन मंत्री ने हड़ताल कर रहे डीटीसी वाहन चालकों से हड़ताल खत्म करने की अपील की

Ads

दिल्ली के परिवहन मंत्री ने हड़ताल कर रहे डीटीसी वाहन चालकों से हड़ताल खत्म करने की अपील की

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 10:28 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 10:28 PM IST

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने प्रदर्शन कर रहे दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के चालकों से हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने की अपील की और कहा कि उनकी ज्यादातर मांगें स्वीकार कर ली गई हैं।

डीटीसी के कई चालकों ने पिछले तीन दिनों से काम बंद करना बंद कर दिया है, जिससे शहर भर में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है।

सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने चालकों और निजी रियायतधारकों के साथ बैठक की। उनकी ज्यादातर मांगों को मंजूरी दे दी गई है। केवल वेतन बढ़ोतरी से जुड़ा मुद्दा बाकी है और श्रम विभाग से विचार-विमर्श के बाद सरकार को इस पर आगे फैसला लेना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं चालकों से अपील करूंगा कि अब हड़ताल खत्म करें और बहकावे में न आयें।’’

हालांकि, प्रदर्शन कर रहे चालकों ने कहा कि उनकी हड़ताल जारी रहेगी।

प्रदर्शनकारी चालकों में से एक सोनू बेनीवाल ने कहा, ‘‘सरकार को ऐसा समाधान निकालना चाहिए जिससे निजी ठेकेदारों के साथ काम करने में हमें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी शांतिपूर्ण हड़ताल जारी रहेगी क्योंकि परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि बातचीत जारी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।’’

बृहस्पतिवार को रानी खेड़ा, राजघाट, नेहरू प्लेस, बुराड़ी, वजीरपुर, घुम्मनहेड़ा, सरिता विहार और कई अन्य बस डिपो में चालक लगातार तीसरे दिन हड़ताल पर रहे।

हड़ताल को डीटीसी कर्मचारी एकता संगठन का समर्थन प्राप्त है।

संगठन ने दावा किया कि करीब 90 प्रतिशत बस चालक हड़ताल पर हैं।

भाषा

राखी माधव

माधव