दिल्ली: एक ही पंजीकरण नंबर वाली दो चोरी की एसयूवी कारें बरामद
दिल्ली: एक ही पंजीकरण नंबर वाली दो चोरी की एसयूवी कारें बरामद
नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) पश्चिमी दिल्ली में एक ही पंजीकरण नंबर वाली दो स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) बरामद की गई हैं, और दोनों कारें चोरी की हैं। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह बरामदगी स्वतंत्रता दिवस से पहले संदिग्ध और चोरी के वाहनों तथा ‘सेकेंड-हैंड’ कार डीलरों के सत्यापन के लिए एक विशेष जांच अभियान के दौरान की गई।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस को विशिष्ट जानकारी मिली थी कि एक ही पंजीकरण संख्या वाली दो एसयूवी (फॉर्च्यूनर) का उपयोग दिल्ली-एनसीआर में विभिन्न स्थानों पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, स्वामित्व विवरण सत्यापित किया और क्षेत्र में जांच की।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘बाद में दोनों एसयूवी कारों के अलग-अलग स्थानों पर होने का पता लगा और उन्हें सत्यापन के लिए संबंधित कार्यालय में लाया गया।’
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान, दोनों वाहनों पर समान पंजीकरण और चेसिस नंबर प्रदर्शित पाए गए। पुलिस ने कहा कि उन्हें एक अधिकृत सेवा केंद्र में ले जाया गया, जहां तकनीकी जांच से पुष्टि हुई कि दोनों चोरी के वाहन हैं।
पुलिस के मुताबिक, एक कार गांधी नगर थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में भी शामिल पाई गई है। पुलिस ने आरोपी की पहचान विवेक विहार निवासी 23 वर्षीय आर्यन मावी के रूप में की है।
पुलिस ने बताया कि बरामद वाहन गांधी नगर और प्रीत विहार थानों में दर्ज मामलों से जुड़े हैं। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


