दिल्ली जल संकट : भाजपा महिला मोर्चा ने आतिशी के घर के बाहर किया प्रदर्शन

Ads

दिल्ली जल संकट : भाजपा महिला मोर्चा ने आतिशी के घर के बाहर किया प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - May 30, 2024 / 10:32 PM IST,
    Updated On - May 30, 2024 / 10:32 PM IST

नयी दिल्ली, 30 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को लेकर दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने अपने कंधों पर मिट्टी के बर्तन और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली की जल मंत्री आतिशी के आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी भी की। बाद में महिलाओं ने वहां मिट्टी के बर्तन भी फोड़े।

प्रदर्शनकारियों में से एक ने बयान में कहा कि शहर में पानी के संकट ने कई महिलाओं को पेयजल के लिए 52 डिग्री सेल्सियस तापमान पर भी अपने घरों से बाहर निकलने के लिए मजबूर किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने दिल्ली के लोगों को मुफ्त स्वच्छ पानी देने का वादा किया था, लेकिन ”आज स्वच्छ पानी तो छोड़िए, पीने योग्य पानी भी समय पर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है”।

महिला प्रदर्शनकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार को सोचना चाहिए कि इस गर्मी में पानी को लेकर उन्होंने क्या इंतजाम किए हैं।’’

भाजपा महिला मोर्चा की एक कार्यकर्ता ने दावा किया कि हमेशा अपनी कमियों के लिए हरियाणा को दोषी ठहराने वाले केजरीवाल और उनके मंत्री एक बार फिर हरियाणा को दोषी ठहरा रहे हैं, लेकिन हरियाणा सरकार समझौते में तय की गई सीमा से ज्यादा पानी दिल्ली को दे रही है।

इस बीच, दिल्ली सरकार ने भीषण गर्मी के बीच शहर में हो रहे जल संकट को लेकर एक आपातकालीन बैठक की।

राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी के कारण पानी की कमी हो रही है और शहर के कुछ हिस्सों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने बुधवार को पानी की बर्बादी पर 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया और जुर्माना लागू करने के लिए 200 टीमें बनाईं हैं।

भाषा रवि कांत दिलीप

दिलीप