नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने मंगलवार को चाणक्यपुरी के कुछ हिस्सों में 24 घंटे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रायोगिक परियोजना पर काम शुरू किया। साथ ही नेहरू पार्क में स्थित एक मंदिर के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की।
आधिकारिक बयान के अनुसार, एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने विनय मार्ग पर जलापूर्ति परियोजना के पहले चरण की आधारशिला रखी, जिससे क्षेत्र के करीब 550 घरों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य लगभग पांच महीने में पूरा होने की संभावना है।
एनडीएमसी भैरव मंदिर में सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के उन्नयन का काम करेगा, जिसमें रास्तों, रेलिंग और मंदिर परिसर में सुधार शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि करीब 11 लाख रुपये की लागत वाला यह कार्य एक महीने में पूरा होने की संभावना है।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश