महाराष्ट्र के बीड में उप-सरपंच मृत पाए गए; पुलिस ने जांच शुरू की

Ads

महाराष्ट्र के बीड में उप-सरपंच मृत पाए गए; पुलिस ने जांच शुरू की

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 12:02 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 12:02 PM IST

बीड, 27 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में मोटरसाइकिल से जा रहे एक गांव के उप-सरपंच सड़क पर मृत पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक आकलन में सड़क दुर्घटना की आशंका जताई गई है। पुलिस किसी साजिश या हत्या की संभावना की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, माजलगांव तहसील के बाभलगांव के उप-सरपंच वैजनाथ विठ्ठल लाटे का शव बुधवार तड़के भोपा-बाभलगांव मार्ग पर खून से लथपथ अवस्था में मिला। पास में उनकी मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ी थी।

उन्होंने बताया कि मंगलवार रात लाटे भोपा-बाभलगांव मार्ग पर अपनी दोपहिया गाड़ी से जा रहे थे, तभी यह घटना होने की आशंका है।

एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह कुछ स्थानीय युवकों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा। पास में उनकी बुरी तरह क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल भी पड़ी थी। युवकों ने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ता यह पता लगाने के लिए मोटरसाइकिल को हुए नुकसान, घटनास्थल पर मिले संभावित टक्कर के निशानों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रहे थे कि घटना कैसे हुई और मौत किन परिस्थितियों में हुई।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा