ओंकारेश्वर में खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से श्रद्धालु के तीन वर्षीय बेटे की मौत, उप यंत्री निलंबित

Ads

ओंकारेश्वर में खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से श्रद्धालु के तीन वर्षीय बेटे की मौत, उप यंत्री निलंबित

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 06:44 PM IST

खंडवा, 27 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में महाराष्ट्र के एक श्रद्धालु के तीन वर्षीय बेटे की खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत हो जाने के मामले में नगर परिषद के एक उपयंत्री (सब इंजीनियर) को लापरवाही के आरोप में सोमवार को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने ओंकारेश्वर नगर परिषद के उपयंत्री सुरेशचंद्र पाटीदार को कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया है।

अधिकारियों के अनुसार महाराष्ट्र के नागपुर के कैलाश उसराठे अपने परिवार के साथ भगवान शिव के ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए 24 जुलाई को सुबह पांच बजे इस तीर्थ नगरी में पहुंचे थे।

उन्होंने बताया कि जब उसराठे की बस ब्रह्मपुरी पार्किंग पहुंची, तो उनका तीन वर्षीय बेटा तनुष गाड़ी से उतरकर दौड़ पड़ा और अंधेरा होने के कारण पास ही खुले पड़े गहरे सेप्टिक टैंक में गिर गया।

परिजनों के मुताबिक बालक के पिता ने खुद सेप्टिक टैंक में उतरकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसके फेफड़ों में दूषित पानी भर चुका था और एक अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि जिस खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से बालक की मौत हुई, वह एक धर्मशाला का था।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद ने हाल में धर्मशाला का अतिक्रमण हटाया था, लेकिन उसके सेप्टिक टैंक को खुला छोड़ दिया गया था जिसके कारण यह हादसा हुआ। भाषा सं. हर्ष

राजकुमार

राजकुमार