परीक्षा में शामिल होने के लिए आलाकमान की मंजूरी के बाद सीडब्ल्यूसी की बैठक में नहीं गया: चन्नी

Ads

परीक्षा में शामिल होने के लिए आलाकमान की मंजूरी के बाद सीडब्ल्यूसी की बैठक में नहीं गया: चन्नी

  •  
  • Publish Date - August 20, 2026 / 04:36 PM IST,
    Updated On - August 20, 2026 / 04:36 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

चंडीगढ़, 20 अगस्त (भाषा) पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी आलाकमान ने उन्हें कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में शामिल नहीं होने की इजाजत दी थी क्योंकि उन्हें यहां पंजाब विश्वविद्यालय में एक परीक्षा में शामिल होना था।

पार्टी की निर्णय लेने वाली शीर्ष संस्था सीडब्ल्यूसी की बैठक बुधवार को दिल्ली में हुई थी।

प्रश्नपत्र लीक के विरोध में छात्रों के प्रदर्शन और राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर हुई इस लंबी बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अन्य और विशेष आमंत्रित सदस्यों के अलावा कांग्रेस-शासित राज्यों के सभी चार मुख्यमंत्री शामिल हुए।

जालंधर से मौजूदा सांसद चन्नी ने पंजाब विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पीएचडी की है और वर्तमान में वह लोक प्रशासन में मास्टर डिग्री कर रहे हैं। उन्होंने सार्वजनिक नीति में सुधार के क्षेत्र में आगे शोध करने में भी दिलचस्पी दिखाई है।

सीडब्ल्यूसी की बैठक में शामिल नहीं होने के सवाल पर चन्नी ने कहा, ‘‘मैंने पार्टी आलाकमान से लिखित इजाजत मांगी थी कि मैं बुधवार को होने वाली बैठक में शामिल नहीं हो पाऊंगा।’’

पंजाब विश्वविद्यालय परिसर में उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर मैं परीक्षा नहीं देता तो मेरी डिग्री में एक साल की देरी हो जाती और इस वजह से जिस शोधकार्य को मैं करना चाहता हूं उसमें भी देरी हो जाती।’’

स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के बारे में चन्नी ने कहा, ‘‘आज मेरी लोक प्रशासन में मास्टर डिग्री की आखिरी परीक्षा थी। मैं नीति में सुधारों पर शोध करना चाहता हूं और इसके लिए पंजाब विश्वविद्यालय से पीएचडी प्रोग्राम करूंगा।’’

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा