चेन्नई, चार अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु की मंत्री पी. गीता जीवन ने शनिवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रविड) की ‘इल्लाथारसी’ योजना का विस्तृत विवरण दिया, जो आगामी चुनाव के लिए एक प्रमुख वादा है। इस योजना के तहत गृहिणियों को घरेलू उपकरणों के लिए आठ हजार रुपये के कूपन दिए जाएंगे।
इसे ‘‘स्मार्ट आर्थिक गुणक’’ बताते हुए जीवन ने कहा कि इस पहल से लगभग दो करोड़ परिवार सरकारी ब्रांड के बजाय वाशिंग मशीन, टीवी या रेफ्रिजरेटर जैसे अपने मनपसंद उपकरण चुन सकेंगे।
उन्होंने कहा, “इस योजना के तहत पुराने घरेलू उपकरणों का आदान-प्रदान भी संभव है, जिसका उद्देश्य स्थानीय खुदरा बाजारों और पुनर्चक्रण व्यवसायों को पुनर्जीवित करना है।”
मंत्री ने कहा, “यह विकल्प-आधारित शासन के बारे में है।”
उन्होंने बताया कि बड़ी कंपनियों से स्थानीय छोटे विक्रेताओं को खरीद सौंपने से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्थाओं एवं क्रय शक्ति को बढ़ावा मिलेगा।
सामाजिक कल्याण और महिला सशक्तीकरण मंत्री जीवन ने कहा कि कूपन महिलाओं के घरेलू कामों का बोझ कम करेंगे, जिससे उनमें आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
‘मगलीर उरिमाई थोगई’ योजना का उदाहरण देते हुए उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि द्रमुक लैंगिक समानता के द्रविड़ आदर्शों के प्रति प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि ‘इल्लाथारसी’ योजना 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव में निर्णायक साबित होगी और द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन को भारी जनादेश दिलाएगी।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल