डीएमआरसी ने कॉजपा के प्रदर्शन वाले सप्ताह में दैनिक यात्रियों की संख्या में मामूली गिरावट दर्ज की
डीएमआरसी ने कॉजपा के प्रदर्शन वाले सप्ताह में दैनिक यात्रियों की संख्या में मामूली गिरावट दर्ज की
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने बुधवार को कहा कि मध्य दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के कारण 20 से 24 जुलाई के बीच कई मेट्रो स्टेशनों के बंद रहने से कार्य दिवसों में दैनिक यात्रियों की औसत संख्या में करीब 2.67 लाख की कमी आई।
डीएमआरसी द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, एक से 19 जुलाई के दौरान कार्य दिवसों में दैनिक यात्रियों की औसत संख्या 65,93,294 थी, जो 20 से 24 जुलाई के बीच घटकर 63,25,892 रह गई। यह करीब 4.1 प्रतिशत की गिरावट है।
निगम ने कहा कि इस अवधि में यात्रियों की संख्या में मामूली कमी आई, लेकिन पूरे मेट्रो नेटवर्क की दृष्टि से यह गिरावट महत्वपूर्ण नहीं थी।
डीएमआरसी ने एक बयान में कहा, ‘‘इस तरह के रुझान अक्सर सप्ताहांत, छुट्टियों और अवकाश के दौरान भी देखे जाते हैं।’’
आंकड़ों के अनुसार, संबंधित अवधि में हफ्ते के दिनों (कार्य दिवसों) के दौरान दैनिक यात्रियों की औसत संख्या जून 2026 में 68,56,803, जुलाई 2025 में 67,40,968 और जून 2025 में 66,77,710 रही थी।
मध्य दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शनों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस के निर्देश पर डीएमआरसी ने 20 से 24 जुलाई के दौरान 18 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद कर दिए थे। हालांकि, कुछ चुनिंदा स्टेशनों पर मेट्रो बदलने की सुविधा उपलब्ध रही।
इन प्रतिबंधों से दिल्ली के प्रमुख सरकारी और व्यावसायिक क्षेत्रों की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हुई।
ये प्रतिबंध कॉजपा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शनों के दौरान लगाए गए थे। कॉजपा ने परीक्षा अनियमितताओं को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के साथ ‘चलो संसद’ मार्च का आयोजन किया था।
भाषा
प्रचेता सुरेश
सुरेश

Facebook


