हैदराबाद, 28 अप्रैल (भाषा) राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने मंगलवार को कहा कि उसने यहां सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर 11.4 करोड़ रुपये मूल्य की 11.4 किलोग्राम क्रिस्टल मेथ जब्त की है और इस संबंध में दो महिला यात्रियों को गिरफ्तार किया है।
डीआरआई ने एक विज्ञप्ति में बताया कि अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को एक अभियान में 11.4 किलोग्राम एम्फेटामाइन (क्रिस्टल मेथ) जब्त की और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
उसने कहा कि इस अभियान से संगठित मादक पदार्थ तस्करी गिरोहों को झटका लगा है और नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप को लोगों, खासतौर पर युवाओं तक पहुंचने और उनकी जान खतरे में डालने से रोकने में सफलता मिली है।
अधिकारियों ने इस संबंध में सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर दो भारतीय महिला नागरिकों को रोका जो ट्रेन से यात्रा कर रही थीं।
उनके दो ट्रॉली बैग की पूरी तरह जांच पर अधिकारियों ने प्लास्टिक के 10 पारदर्शी पैकेट बरामद किए जिनमें एक सफेद क्रिस्टलाइन तत्व था।
उन्होंने कहा कि जांच करने पर यह तत्व क्रिस्टल मेथ होने की पुष्टि हुई।
भाषा वैभव माधव
माधव