नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक अन्य निजी कंपनी के लिए ड्रोन आयात की सुविधा प्रदान करने के बदले कथित तौर पर 2.5 लाख रुपये की रिश्वत लेने के मामले में एक प्रमुख कॉरपोरेट समूह के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भरत माथुर और नागर विमानन महानिदेशालय में ‘एयरवर्दीनेस डायरेक्टरेट’ के उप महानिदेशक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को की गई कार्रवाई में सीबीआई ने ड्रोन आयात में शामिल एक एयरोस्पेस कंपनी से जुड़े माथुर और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के मुख्यालय, नयी दिल्ली में ‘एयरवर्दीनेस डायरेक्टरेट’ के उप महानिदेशक मुदावथ देवुला को गिरफ्तार किया।
सीबीआई प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि आरोपी डीजीसीए के अधिकारी ने कथित तौर पर एक निजी एयरोस्पेस कंपनी के लिए डीजीसीए के पास लंबित आवेदनों की मंजूरी और संबंधित आदेश जारी करने के बदले में निजी व्यक्तियों से अनुचित लाभ की मांग की थी।
उन्होंने बताया, ‘‘ केंद्रीय एजेंसी ने नयी दिल्ली स्थित डीजीसीए मुख्यालय में एयरवर्दीनेस डायरेक्टरेट के उप महानिदेशक को एक निजी कंपनी के प्रतिनिधि के साथ 2.5 लाख रुपये के रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया गया। रिश्वत की पूरी राशि भी जब्त कर ली गई है।’’
बयान में कहा गया है कि सीबीआई ने दिल्ली में चार स्थानों पर आरोपी अधिकारी और अन्य निजी व्यक्तियों के परिसरों की तलाशी ली और इस दौरान 37 लाख रुपये की नकदी के साथ-साथ सोने और चांदी के सिक्के और कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप