जोधपुर जिले में मादक पदार्थ बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर जिले में मादक पदार्थ बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर जिले में मादक पदार्थ बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: April 3, 2026 / 03:01 pm IST
Published Date: April 3, 2026 3:01 pm IST

जयपुर, तीन अप्रैल (भाषा) राजस्थान पुलिस ने जोधपुर जिले में मादक पदार्थ बनाने वाली एक फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए 3.055 किलो ‘सिंथेटिक ड्रग’ (एमडी) जब्त की है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

गैंगस्टर-रोधी कार्यबल (एजीटीएफ) के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम.एन. के निर्देशन में टीम ने जोधपुर के बनाड थाना क्षेत्र में घर की छत पर चल रही अवैध फैक्टरी का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने मौके से 3.055 किलोग्राम सिंथेटिक ड्रग और 55 किलो 725 ग्राम रसायन बरामद किए हैं।

जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत तीन करोड़ रुपए आंकी गई है।

यहां जारी बयान के अनुसार, मौके से गिरफ्तार किए गए गणपतराम बेनीवाल (40) ने अपना 12 लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए सांचौर के कथित तस्कर आसुराम उर्फ लक्की के साथ सौदा किया था, जिसके तहत उसने अपने घर को मादक पदार्थ बनाने की फैक्टरी में बदल दिया।

पुलिस अब मुख्य सरगना आसुराम उर्फ लक्की की तलाश कर रही है।

भाषा पृथ्वी मनीषा शफीक

शफीक


लेखक के बारे में