पुलिसकर्मी की मौत के लिए मादक पदार्थों के तस्कर जिम्मेदार : हिमंत विश्व शर्मा

Ads

पुलिसकर्मी की मौत के लिए मादक पदार्थों के तस्कर जिम्मेदार : हिमंत विश्व शर्मा

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 05:58 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 05:58 PM IST

गुवाहाटी, 17 अगस्त (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि ऐसी विश्वसनीय सूचना मिली है कि हाल में एक पुलिस उपनिरीक्षक की सड़क हादसे में हुई मौत के लिए मादक पदार्थों के तस्कर जिम्मेदार थे।

उन्होंने कहा कि तस्करों ने म्यांमा से असम में मादक पदार्थों की तस्करी के रास्ते को बदल दिया है और राज्य सरकार इसे रोकने के लिए काम कर रही है।

शर्मा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ऐसी विश्वसनीय सूचना है कि नबजीत दास की हत्या मादक पदार्थों के तस्करों ने की। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और बाद में इसका ब्योरा साझा किया जाएगा।’’

दिमा हसाओ जिले में लाइसोंग पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक दास की शुक्रवार शाम इलाके में नाका जांच के दौरान एक कार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य फरार हैं।

मादक पदार्थों के खिलाफ राज्य सरकार के कड़े रुख को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महज तीन दिन पहले गुवाहाटी में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया था।

उन्होंने कहा कि तस्कर असम में मादक पदार्थ पहुंचाने के लिए इस्तेमाल होने वाले रास्ते को बदल रहे हैं।

शर्मा ने कहा कि पहले म्यांमा से मणिपुर और मिजोरम के रास्ते मादक पदार्थ असम लाए जाते थे, लेकिन अब इन्हें अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग और फिर तिनसुकिया के रास्ते लाया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उनकी साजिश की खबर है और हम इस पर काम कर रहे हैं।’’

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश