श्रीनगर, 19 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में मंगलवार को एक कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर की 1.5 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि चल रहे ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और नशीले पदार्थों से संबंधित गतिविधियों के खिलाफ अपनी गहन कार्रवाई को जारी रखते हुए, श्रीनगर पुलिस ने लगभग 1.50 करोड़ रुपये मूल्य की सात मरला जमीन सहित एक आवासीय मकान को कुर्क कर लिया।
उन्होंने बताया कि यह संपत्ति कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर ओवैस अमीन देंथू की है, जो शहर के परिमपोरा इलाके का निवासी है।
प्रवक्ता ने बताया कि परिमपोरा पुलिस थाने में दर्ज एक मामले के संबंध में स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत संपत्ति को कुर्क कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह साबित हुआ कि संपत्ति अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त धन से खरीदी गई थी।
उन्होंने कहा कि यह कुर्की श्रीनगर पुलिस के मादक पदार्थों के तंत्र को नष्ट करने और समाज में बढ़ते मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खतरे को रोकने के निरंतर प्रयासों के तहत की गई है।
भाषा
राखी माधव
माधव