11.50 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, दो लोग गिरफ्तार

11.50 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, दो लोग गिरफ्तार

11.50 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, दो लोग गिरफ्तार
Modified Date: March 3, 2026 / 08:16 pm IST
Published Date: March 3, 2026 8:16 pm IST

बेंगलुरु, तीन मार्च (भाषा) एक महिला सहित दो कथित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 11.50 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हाल ही में केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) के मादक पदार्थ नियंत्रण शाखा द्वारा बागुलूर थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं।

पुलिस ने बताया कि उनके पास से 8,335 एलएसडी स्ट्रिप्स, पांच किलोग्राम हाइड्रो गांजा, 534 ग्राम चरस, दो मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किए गए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘सूचना के आधार पर एक महिला सहित दो अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पिछले एक साल से बेंगलुरु में रह रहे थे और एक संगठित अवैध मादक पदार्थों के वितरण नेटवर्क में शामिल थे। वे थाईलैंड में रहने वाले केरल के एक व्यक्ति से मादक पदार्थ प्राप्त करते थे और उसके निर्देशों के अनुसार ग्राहकों को वितरित करके अवैध लाभ कमाते थे।’

यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि बेंगलुरु में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में एलएसडी बरामद की गई है।

उन्होंने कहा, ‘हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह कहां से प्राप्त हुआ और इसे कहां पहुंचाया जाना था। हमें लक्षित क्षेत्रों के बारे में कुछ विशिष्ट जानकारी मिली है। हालांकि, ठोस सबूत के बिना हम किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकते। हम यह पता लगाने के लिए काम कर रहे हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में इसे कैसे प्राप्त किया गया और यह किसके लिए था।’

सिंह ने कहा कि आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने और वितरण नेटवर्क में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।

पुलिस ने बताया कि बागुलूर थाने में उनके खिलाफ स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

पुलिस ने बताया कि एक अन्य अभियान में के जी नगर थाने के अधिकारियों ने 1.5 किलोग्राम हाइड्रो गांजा जब्त किया।

अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित सामान की तस्करी अंतरराष्ट्रीय पार्सल सेवाओं के माध्यम से की गई थी और संदेह से बचने के लिए इसे चॉकलेट और बिस्कुट के डिब्बों के अंदर चतुराई से छिपाया गया था और इसका अनुमानित मूल्य 1.5 करोड़ रुपये है।

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने बताया कि एक मार्च को व्हाइटफील्ड थाने की सीमा के भीतर मादक पदार्थों की बिक्री के आरोप में एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने बताया कि उसके पास से 27.239 किलोग्राम गांजा और 3.200 किलोग्राम हशीश का तेल, साथ ही अपराध में इस्तेमाल किया गया दोपहिया वाहन जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि इसका कुल मुल्य 55 लाख रुपये है।

अधिकारियों ने बताया कि एक अलग अभियान में वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी देश में रह रही दो विदेशी महिलाओं को मीको लेआउट थाने की सीमा के भीतर से पकड़ा गया।

उन्होंने आगे बताया कि उन्हें विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) को सौंप दिया गया है और कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार उन्हें विदेशी निरुद्ध केंद्र भेज दिया गया है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश


लेखक के बारे में